कुल्लू। जिला कुल्लू में पुलिस ने एक किलो 435 ग्राम चरस केे साथ दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एनडीपीएस का पहला मामला मणिकर्ण घाटी के गलू पुल के पास सोमवार सुबह करीब पौने 12 बजे सामने आया। जबकि पुलिस पार्टी नाकाबंदी और ट्रैफिक चेकिंग पर थी। इस दौरान पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति हड़बड़ा गया और भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ दूरी पर धर दबोचा और तलाशी करने पर उनके कब्जे से 1.340 किलोग्राम चरस बरामद की और 40 वर्षीय चेत राम निवासी फलारी को गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरा मामला भुंतर थाना के तहत सिउंड में आया। जहां नाकाबंदी के दौरान भुंतर पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को तलाशी के लिए रोका तो उसके कब्जे से 95 ग्राम चरस पकड़ी है। पुलिस ने कृष्ण नगर हैदराबाद के 21 वर्षीय संगम वासमी कृष्णा को गिरफ्तार किया है। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस दोनों लोगों को चरस तस्करी को लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।