महिला लेखपाल को प्रधानपति ने दी धमकी, रिपोर्ट दर्ज
स्वार (रामपुर)। समोदिया गांव में तैनात महिला लेखपाल ने प्रधान पति पर जबरदस्ती नाला निर्माण कराने का विरोध करने पर गाली गलौच करने एवं जान से मारने धमकी देने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
तहसील क्षेत्र के गांव समोदिया में ग्राम पंचायत निधि से नाला निर्माण कराया जा रहा था। दो दिन पूर्व हल्का लेखपाल ऋचा सक्सेना ने नाला निर्माण को अवैध बताते हुए उसे ध्वस्त करा दिया था। जिस पर ग्राम प्रधान पति रामचंद्र ने हल्का लेखपाल पर भू माफियाओं से सांठगांठ कर नाला निर्माण ध्वस्त कराये जाने की तहरीर पुलिस को दी थी। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंच जाने के बाद बीच मे पड़े भाजपा नेताओं ने बाद में नाला निर्माण पहले स्थान पर करा दिया । बुधवार को हल्का लेखपाल ऋचा सक्सेना ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर ग्राम प्रधान पति रामचंद्र पर अवैध नाला निर्माण कराने का दबाव बनाने, मना करने पर गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी, अभद्र व्यवहार कर अपमानित किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। वही, ग्राम प्रधान पति रामचंद्र से जानकारी करने पर हल्का लेखपाल द्वारा लगाये जा रहे आरोपों को निराधार बताया और पुलिस से निष्पक्ष रूप से जांच की मांग की।