अवैध खनन को लेकर फायरिंग,दहशत
स्वार (रामपुर)।
कोसी नदी में अवैध खनन को लेकर वाले दो गुट आमने-सामने आ गए ओर अवैध खनन करने को लेकर मारपीट के साथ फायरिंग शुरू कर दी । सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन खनन धंधेबाज मौके से जेसीबी सहित डंपर, टैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गये ।
जिलाधिकारी के सख्त आदेश के बावजूद कोसी के घाटों से अवैध खनन रुकने का नाम नही ले रहा है । मंगलवार की रात्रि तहसील क्षेत्र में कोसी घाट पर नदी में अवैध खनन करने को लेकर जेसीबी लेकर पहुंचे दो खनन धंधेबाजों के गुट में एक ही खेत से खनन किए जाने को लेकर तकरार शुरू हो गई । बात इतनी बढ़ गई कि दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई ओर असलहे निकल आए । मारपीट के दौरान ही दोनों ओर के लोगों ने फायरिंग भी शुरू कर दी, जिससे पूरा कोसी क्षेत्र गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा । आसपास के ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी । इस पर तत्काल पुलिस मौके पर रवाना हो गई लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक खनन धंधेबाज अपनी अपनी जेसीबी सहित डंपर ,ट्रैक्टर ट्राली को लेकर फरार हो गए । एसडीएम लालता प्रसाद शाक्य ने बताया कि रात्रि में हो रहे अवैध खनन की सूचना पुलिस द्वारा उन्हें दी गई थी, जिस पर रात्रि में हो रहे अवैध खनन की जानकारी जिलाधिकारी को भेज दी गई है । शीघ्र भारी फोर्स के साथ कोसी घाटों पर छापा मार कार्रवाई की जाएगी ।