कुल्लू। जिला कुल्लू में एक महिला को सरकारी नौकरी देने का झांसा देकर शातिर ने 58,500 रुपये ठग लिए। बुधवार को पीड़ित महिला ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी से इसकी शिकायत की है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एसएचओ कुल्लू को सौंप दी है। शातिर ने रुपये मिलने पर महिला को लोक निर्माण विभाग या स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगाने की वायदा किया था, लेकिन अब शातिर भूमिगत हो गया है।
पुलिस को दी शिकायत में सत्य प्रकाश पुत्र हरि चंद निवासी नलहाच ने बताया कि खराहल घाटी के दो शातिरों ने उनकी माता को नौकरी लगाने का झांसा दिया और इसकी एवज में अक्तूबर 2017 को गुप्त राम को 44,500 रुपये दिए गए। इसके बाद गुप्त राम ने 30 जनवरी 2018 को दोबारा से 14000 रूपये और मांगे तथा यह राशि उन्होंने एक व्यक्ति की उपस्थित में दिए गए। दोनों शातिरों ने उनकी माता को लोक निर्माण विभाग में बतौर चपरासी लगाने के लिए 15 फरवरी को नियुक्ति पत्र देने की बात कही थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि नौकरी के नाम पर पैसे की ठगी करने वाला व्यक्ति क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में बतौर सिक्योरिटी गार्ड नौकरी करता था। उसने झांसा दिया कि उनके साहब उन्हें लोनिवि में चपरासी की नौकरी दिलवाएंगे। इसके बाद जब उन्होंने उनके मोबाइल नंबरों पर फोन कर इस बारे जानना चाहा तो उनके सभी फोन नंबर बंद आ रहे हैं।
इधर, एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि उनके पास शिकायत आई है और इसकी जांच एसएचओ कुल्लू को सौंपी गई है। सभी नंबरों को ट्रेस करने के लिए सर्विलांस में लगाया गया है। जल्द ही दोनों शातिर सलाखों के पीछे होंगे।