ढालपुर मैदान में राज्य स्तरीय स्वंतत्रता दिवस के मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। 74वें राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ढालपुर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जिला मुख्यालय के साथ लगती लगवैली के अनछुए पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए ‘नई राहें-नई मजिलें’ योजना के तहत 50 लाख की राशि खर्च की जाएगी, जबकि धार्मिक पर्यटन स्थल बिजली महादेव को विकसित करने के लिए रोपवे सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी सपना है। मुख्यमंत्री ने ढालपुर मैदान से नशा निवारण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उधर, जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर मैदान में 74वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सामाजिक दूरी का पूर्ण रूप से पालन किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिस, आईटीबीपी, एसएसबी तथा होमगार्ड की ओर से प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान डीएसपी बिन्नी मिन्हास ने परेड की अगुवाई की। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए सीमाओं की रक्षा करते हुए अपनी जान की परवाह न करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लद्दाख की गलवां घाटी में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले प्रदेश के वीर सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी। कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत देश के गरीब परिवार नवंबर 2020 तक मुफ्त राशन प्राप्त कर सकेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 8.74 लाख किसानों को 2000 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। कोरोना योद्धाओं का भी आभार जताया। कोविड-19 फंड में सरकार को 82.48 करोड़ रुपये का अंशदान प्राप्त हुआ, जिसमें से 22.8 करोड़ रुपये व्यय किए गए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं को मार्च से जून 2020 तक 1000 रुपये प्रतिमाह की सहायता तथा जुलाई व अगस्त माह में 2000 की बढ़ी हुई राशि प्रदान की। इस मौके पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक सुरेंद्र शौरी, किशोरी लाल सागर, जवाहर ठाकुर, सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री सत्यप्रकाश ठाकुर, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडृू, उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा, एसपी गौरव सिंह तथा निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन उपस्थित थे।