कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के मातृ शिशु खंड में जहां बच्चों को उपचार की सभी सुविधाएं दी जा रही हैं वहीं अस्पताल के आसपास कुछ लोग पीलिया झाड़ने के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठ रहे हैं। एक बार पीलिया झाड़ने के ही 500 रुपये वसूल किए जा रहे हैं। पीलिया झाड़ने के नाम पर कुछ लोगों ने धंधा चला रखा है।
अस्पताल में पैदा होने वाले नवजात शिशुओं को अक्सर पीलिया की शिकायत रहती है। कुछ अभिभावक बच्चों का उपचार अस्पताल में ही करवाते हैं लेकिन कुछ अपने छोटे बच्चों को झाड़ फूंक करने वालों के पास ला रहे हैं। इनसे पैसे भी ऐंठे जा रहे हैं। झाड़ फूंक के नाम पर लोगों से पैसा ऐंठने वालों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। अब विभाग ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है। विभाग का दावा है कि अगर शिकायत मिलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नागराज पवार ने कहा कि पैदा होने वाले बच्चों को पीलिया की शिकायत होती है। किसी को कम होता है तो किसी को अधिक होता है। जिसे कम होता है वह अपने आप ठीक हो जाता है। जिसे अधिक होता है उसका इलाज किया जाता है। झाड़ फूंक करने से किसी तरह का पीलिया ठीक नहीं होता। उन्होंने कहा कि झाड़ फूूंक करने वालों के खिलाफ अगर कोई शिकायत मिलती है तो उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद