कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नौ से पार्षद चंदन प्रेमी को नगर परिषद का नया उपाध्यक्ष चुना गया है। ढाई-ढाई साल के करार के तहत यह नियुक्ति हुई है। इससे पहले वार्ड एक की पार्षद आशा महंत उपाध्यक्ष के पद पर थीं। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। आशा महंत बतौर आजाद पार्षद जीतकर आई थीं।
अब नए उपाध्यक्ष भी निर्दलीय पार्षद जीतकर आए हैं। शुक्रवार को नगर परिषद कुल्लू के कार्यालय में एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला की अध्यक्षता में नए उपाध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 11 बजे चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई और कुल 11 पार्षदों में से नौ मौजूद रहे। कोरम पूरा होते ही सभी पार्षदों ने एक स्वर में चंदन प्रेमी का समर्थन कर उपाध्यक्ष चुना।
बता दें कि नगर परिषद कुल्लू पर कांग्रेस का कब्जा है। 11 वार्डों वाली नगर परिषद कुल्लू में चार भाजपा, चार कांग्रेस समर्थित पार्षद जीतकर आए हैं। दो निर्दलीय और एक कामरेड समर्थित पार्षद है। एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ है। इसमें चंदन प्रेमी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। उधर, सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने चंदन प्रेमी को बधाई दी है। संवाद