मणिकर्ण के कसोल के समीप साड़ा बैरियर पर विरोध प्रकट करते लोग।
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के वाहनों से सूमारोपा में स्थापित साडा बैरियर पर शुल्क वसूलने के विरोध में भाजपाई उतर गए हैं। मणिकर्ण मंडल भाजपा अध्यक्ष संजू पंडित अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ वीरवार को सूमारोपा पहुंचे और गाड़ियों पर लगाए गए शुल्क का कड़ा विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शुल्क लगाने के फैसले को वापस नहीं लिया गया तो भाजपा जनता को साथ लेकर आंदोलन करने उतरेगी। उन्होंने इस दौरान साडा के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि वह साडा बैरियर पर हर साल करोड़ों रुपये जुटा रहे हैं लेकिन घाटी के विकास पर उसका कोई खर्च नहीं किया जा रहा है। भुंतर-मणिकर्ण सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है लेकिन प्रशासन और सरकार में बैठे लोग सिर्फ उगाही करने में जुटे हैं। इस दौरान वाहन चालक भी काफी संख्या में बैरियर पर विरोध दर्ज करने पहुंचे। काफी समय तक यहां माहौल गहमागहमी भरा रहा।