कुल्लू के गड़सा स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेते स्कूली छात्र।
भुंतर (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गड़सा में अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता करवाई जा रही है। जिलास्तरीय प्रतियोगिता में पांच जोन की 10 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 400 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन के मुकाबले खेले गए। वॉलीबाल में बंजार ने अरसू, निरमंड ने गड़सा और आनी ने कुल्लू जोन को मात दी।
कबड्डी में कटराईं और मनाली जोन ने आनी को हराया। खो-खो के मुकाबलों में गड़सा ने निरमंड, आनी ने बंजार, खराहल ने खरगा और ब्रैहिण ने कुल्लू को मात दी। इसी प्रकार बैडमिंटन में बंजार ने कुल्लू, मनाली और भुट्टी ने निरमंड जोन को हराया। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और वॉलीबाल के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
खिताब जीतने के लिए खिलाड़ी मैदान में दमखम दिखाएंगे। खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव घनश्याम शर्मा ने शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज भारत खेलों में बुलंदियों को छू रहा है।
उन्होंने इस दौरान एशिया खेलों का जिक्र करते हुए कहा कि विद्यार्थी खेलकूद में भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने नशे से दूर रहने का भी संदेश दिया। इस मौके पर गैमन इंडिया पार्वती चरण-दो के परियोजना निदेशक एसके मेंदीरत्ता और गैमन इंडिया पार्वती चरण-दो के परियोजना प्रबंधक विकेश ठाकुर भी उपस्थित रहे। संवाद