कुल्लू। खराहल, महाराजा, बाराहार और डुघीलग की हजारों की आबादी को सर्दियों में पेयजल के लिए दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। करोड़ों की लागत से चार पेयजल योजनाएं बनकर तैयार हैं। दशहरा के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इन पेयजल योजना का लोकार्पण करेंगे।
पेयजल योजनाओं का उद्घाटन सोमवार को लगघाटी के सुम्मा से किया जाएगा। यहां पर उपमुख्यमंत्री की ओर से एक जनसभा की जाएगी। खराहल के लिए ब्यास-16 टंकी उठाऊ पेयजल योजना के निर्माण पर 10 करोड़ की राशि खर्च की गई है। ब्यास के पानी को तीन शिफ्टों में खराहल घाटी की ऊंचाई पर पहुंचाया जाएगा। वहीं महाराजा क्षेत्र की पेयजल योजना से भी कई गांवों को फायदा मिलेगा।
बाराहार पेयजल योजना में सर्दियों के दौरान स्रोत जम जाने से दिक्कतें आती थीं। अब यहां के लोगों को राहत मिलेगी। इसी तरह उठाऊ पेयजल योजना से डुघीलग, सुम्मा, छुरला, भालठा से सैकड़ाें की आबादी लाभान्वित होगी।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर ने कहा कि कुल्लू में करोड़ों की लागत से बनी पेयजल योजनाओं का सोमवार को लोकार्पण किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं का जनता को लाभ मिलेगा।
000