खराहल (कुल्लू)। सावन के महीने में जहां सैकड़ों श्रद्धालु बिजली महादेव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ शरारती तत्व मंदिर से सटे जंगल में अशोभनीय गतिविधियां कर धार्मिक भावनाएं आहत कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग जंगल में टेंट लगाकर शराब का सेवन कर रहे हैं और आपत्तिजनक सामग्री भी फेंक रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार 16 टंकी नामक स्थान के पास इस तरह की गतिविधियों का एक वीडियो भी सामने आया है। उनका कहना है कि यह क्षेत्र देवस्थल से जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां इस प्रकार की हरकतों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। बिजली महादेव मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष फतेह सिंह राणा ने कहा कि धार्मिक स्थल की गरिमा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद