कुल्लू महाविद्यालय अपनी मागों को लेकर प्रदर्शन करते एवीबीपी के कार्यकर्ता।
कुल्लू। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) ने हाल ही में स्नातक प्रथम और द्वितीय वर्ष का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया है। यह परिणाम विद्यार्थियों की उम्मीदों के विपरीत रहा है। ऐसे में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में छात्र हित के लिए विश्वविद्यालय के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। छात्र कार्यकर्ताओं ने छात्र हित के मुद्दों को उठाकर परिणाम की गड़बड़ी को जल्द दुरुस्त करने और 15 दिन के भीतर पुनर्मूल्यांकन का परिणाम घोषित करने की मांग की। एबीवीपी के जिला उद्घोष संयोजक ऋतिक ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय की ओर से घोषित परीक्षा परिणाम बेहद खराब रहा है। इसने विद्यार्थियों को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय कुल्लू की बात करें तो कुल्लू का परीक्षा परिणाम महज 15 फीसदी रहा है। विद्यार्थियों को इस परिणाम से परेशान होना पड़ रहा है। एसपीयू को परीक्षा परिणाम को दुरुस्त करना चाहिए। कहा कि पुनर्मूल्यांकन का परिणाम भी 15 दिन के भीतर जारी होना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके अलावा वार्षिक परीक्षा परिणाम भी परीक्षा के 45 दिन के भीतर ही जारी किया जाए। जल्द परिणाम आने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर असर नहीं पड़ेगा। कहा कि देरी से परिणाम आने के कारण विद्यार्थी परिणाम ठीक न रहने के कारण पिछली कक्षा के पाठ्यक्रम से भी वंचित हो जाते हैं। कहा कि अगर व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करेगी।