कुल्लू। मणिकर्ण घाटी में एक ट्रैकर की दर्दनाक मौत हो गई है। ग्राहण की पहाड़ी पर ट्रैकिंग के लिए निकले एक दल में से एक ट्रैकर का पांव फिसल गया और वह ग्राहण नाले में जा गिरा। ट्रैकर की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी मनीष (46) पुत्र महेंद्र कुमार मेहता के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू भेज दिया है। मणिकर्ण पुलिस ने मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि गुजरात के राजकोट से एक ट्रैकिंग दल मणिकर्ण घाटी की पहाड़ियों पर ट्रैकिंग करने निकला था। इसी दौरान ट्रैकिंग दल के एक व्यक्ति का पांव ट्रैकिंग करती बार पहाड़ी से फिसल गया और ट्रैकर ग्राहण नाले में जा पहुंचा। उन्होंने कहा कि पुलिस दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रैकर की मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि 46 वर्षीय ट्रैकर मनीष के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा जाएगा। उधर, साथी के खोने से अन्य ट्रैकरों में मातम का माहौल है।