कुल्लू। आराध्य देवता खुडीजल और टकरासी नाग जिले के सीमांत लगते मंडी जिले के दौरे पर निकले हैं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर देवताओं के साथ सैकड़ों हारियान भी भाग ले रहे हैं। दौरे के दौरान देवता खुडीजल तथा टकरासी नाग ने करसोग के छतरी स्थित शुआन दिवाली में भी शिरकत की की है। दोनों देवताओं का जगह-जगह ग्रामीणों ने देव परंपरा के तहत भव्य और शानदार स्वागत किया है। देवता के कारदार शेर सिंह ने कहा कि देवताओं ने शुआन दिवाली में निमंत्रण मिलने के बाद ही शिरकत की है। उन्होंने कहा कि देवताओं का दौरा एक हफ्ते तक जारी रहेगा। इसके बाद ही देवता देवालय लौट आएंगे। उन्होंने कहा कि दौरे में देवताओं के दर्शन के लिए ग्रामीणों का भारी हुजूम उड़ रहा है और लोग सुख शांति तथा समृद्धि का आशीर्वाद ले रहे हैं। देवलु रमेश चंद, पूर्ण चंद, कायथ किशन चंद का कहना है कि देवता के दौरे के बहाने ही उन्हें यहां की संस्कृति जानने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान देवताओं के हारियान तथा देवलु नाटी डालकर खूब मनोरंजन कर रहे हैं।