भुंतर (कुल्लू)। पुलिस थाना कुल्लू में सरकारी कर्मचारी से मारपीट और काम में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। मणिकर्ण घाटी के गांव जलूग्रां के होतम राम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के जरी डिवीजन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। 18 अक्तूबर को उन्होंने विभागीय अधिकारियों के आदेश के बाद सुरेश कुमार की बिजली लाइन काट दी। अपना काम समाप्त करने के बाद जब वह वापस जा रहे थे तो सुरेश कुमार ने उसे अपनी ड्यूटी करने से रोका और मारपीट की। वहीं, उससे बिल बुक, पास बुक और उसके बैग से बिजली उपकरण बी छीन लिए। पुलिस ने लाइनमैन की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भादंसं 353, 332 और 356 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।