कुल्लू। जिला कुल्लू के लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में अग्निशमन विभाग, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस तथा एनसीसी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा से निपटने के गुर सिखाए। इस अवसर पर अग्निशमन केंद्र कुल्लू प्रभारी सेसराम ठाकुर ने आगजनी की घटना के दौरान अग्निशमन विभाग की ओर से प्रयोग किए जा रहे उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी। भारत तिब्बत सीमा पुलिस के वरिष्ठ इंस्पेक्टर मलिका मुकुपाध्याय ने भूकंप के दौरान घायल अवस्था में लोगों का किस तरह बचाव किया जा सकता है, इसके बारे में आईटीबीपी जवानों ने मॉक ड्रिल अभ्यास के माध्यम से शिक्षित किया। उन्होंने प्राथमिक अवस्था में घायलों को किस प्रकार सुरक्षित निकालने के तरीके अपनाने चाहिए, इसके बारे में जानकारी दी। एनसीसी कुल्लू के विंग कमांडर एलके बिटली ने भी आपदा का सामना करने तथा इससे बचाव के बारे में जानकारी दी। एनसीसी अधिकारी राम लाल शर्मा, सागरमल तथा एसके सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में एनसीसी के 98 कैडेट्स ने भाग लिया है। इस अवसर पर उपस्थित सभा को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर ने बताया कि उपमंडल स्तर पर भी आपदा प्रबंधन कमेटियों का गठन किया जाएगा। इस अवसर पर डीसी कुल्लू राकेश कंवर, एसडीएम डॉ. सुरेश जसवाल समेत विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, पंचायत प्रधान तथा एनसीसी एयर विंग के विद्यार्थियों ने भाग लिया।