कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव पर रखा गया जिला रेडक्रॉस सोसाइटी का रेडक्रॉस रेफरल ड्रा शनिवार को निकाला गया। लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में निकाले गए ड्रॉ में अपने टिकट को लेकर काफी संख्या में लोग पहुंचे। ड्रॉ निकालने के लिए बचे आखिरी 15 मिनट में 10 हजार के टिकट बिक गए। कलाकेंद्र की दर्शक दीर्घा में बैठे लोग लॉटरी टिकट खरीदने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान लोगों ने समय बर्बाद नहीं करते हुए फटाफट लॉटरी टिकट खरीदा। 15 मिनट समय में रेडक्रॉस सोसाइटी ने करीब दस हजार रुपये के टिकट बेचे। ड्रा में पहला इनाम रोयल इनफिल्ड मोटरसाइकिल सहित अन्य 121 आकर्षक इनाम रखे गए थे। एडीएम विनय सिंह ने बताया कि लोगों ने रेडक्रॉस को मदद करने के लिए टिकट खरीदने में अधिक रुचि दिखाई है। पंद्रह मिनट में लोगों ने जो 20 रुपये के पांच सौ टिकट रेडक्रॉस के लिए खरीदे हैं, वह हैरान करने वाला है। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम डॉ सुरेश जसवाल, जिला लोक संपर्क अधिकारी शेर सिंह, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी संजय शर्मा, एनवाईके जिला समन्वयक लाल सिंह कौंडल आदि मौजूद रहे।