कुल्लू। ढालपुर में दशहरा उत्सव को लेकर सजी अस्थायी मार्केट में वीरवार को खरीदारी के लिए लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। दिवाली के नजदीक आते ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने ढालपुर का रुख करना शुरू कर दिया है। सर्दी का अहसास होते ही लोग ढालपुर की अस्थायी मार्केट में गर्म कपड़ों को खरीद रहे हैं। ढालपुर में स्वेटर ढाई सौ से लेकर 750 तक तथा गर्म कोट तीन सौ से लेकर आठ सौ रुपये तक बिक रहा है। दूसरी वस्तुओं की भी जमकर खरीदारी हो रही है। सामान खरीदने आए खराहल घाटी के चमन लाल, मोहर सिंह, अनिता देवी और रिंकू ने कहा कि ढालपुर में कम कीमत पर सामान मिलता है। उन्होंने कहा कि अस्थायी मार्केट में हर साल वे गर्म वस्त्र खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए ढालपुर की मार्केट काफी फायदेमंद साबित होती है। तिब्बती मार्केट में कपड़ा व्यापारी रोशन तथा बृजलाल ने कहा कि गर्म कपडे़ खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में इजाफा हुआ है। हर दिन दुकानों में गर्म वस्त्र खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। उन्होंने कहा कि दिवाली के पहले दुकानें हटाने का अंदेशा होने के कारण लोग अब सामान लेने में देर नहीं लगाना चाहते।