पतलीकूहल/कुल्लू। इन दिनों पर्यटन नगरी कुल्लू-मनाली समेत आसपास के समस्त क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित होने से ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मंगलवार को सुबह से लेकर रात दस बजे तक समूची कुल्लू घाटी में अंधेरा छाया रहा। बुधवार को भी बिजली गुल रहने से लोग परेशान दिखे। बिजली की आपूर्ति न होने से मणिकर्ण-मनाली सहित इलाके में चल रहे होटल व्यवसायियों का धंधा भी चौपट होने लगा है। बत्ती गुल रहने की वजह से वे ग्राहकों की ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं कर पाए। वहीं, फोटोस्टेट और साइबर कैफे संचालक भी दिनभर हाथ पर हाथ धरे खाली बैठे रहे। इसके चलते बंजार समेत कई स्थलों पर लोग तहसील जैसे सरकारी दफ्तरों में काम करवाने में भी असफल रहे। बिजली न आने से लोगों को रोजमर्रा के कार्य निपटाने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली बोर्ड के कुल्लू में तैनात अधीक्षण अभियंता परवेश ठाकुर का कहना है कि एनएचपीसी की लाइन को कनेक्ट करने के लिए अगले दो दिन तक सुबह नौ से शाम पांच बजे तक बिजली कट रहेगा। हालांकि, बोर्ड का प्रयास रहेगा कि बीच-बीच में बिजली आपूर्ति बहाल होती रहे।