बर्फबारी से जिले में एक दर्जन बस रूट प्रभावित
पहाड़ों पर बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में बढ़ी ठिठुरन
जलोड़ी दर्रा में बर्फ से बाह्य सिराज अलग-थलग
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/बंजार। बुधवार रात को हुई बर्फबारी से कुल्लू जिले का भी जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी से ग्रामीण क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। जलोड़ी दर्रा के साथ रघुपुर, सरयोलसर, लांबालांबरी, चंद्रखणी, सोलंगनाला, हामटा पास, सेवन सिस्टर, हनुमान टिब्बा, सोझा, शुश, खनीबाग आदि कई जगह बर्फबारी हुई है। इससे साथ लगते गांवों में ठंड के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। जलोड़ी दर्रा में 30 सेंटीमीटर बर्फबारी होने से जिला कुल्लू की 58 पंचायतें अलग-थगल पड़ गई हैं। हालांकि, एनएच 305 में वीरवार को मौसम खुलने के बाद सोझा से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। दर्रा के बंद से एचआरटीसी कुल्लू की एक बस आनी में फंस गई है, जिससे दर्रा खुलने तक आनी से रामपुर के बीच चलाया जाएगा। इसके अलावा जलोड़ी दर्रा के आसपास हिमखंड खिसकने का भी खतरा पैदा हो गया है। वीरवार को भी कई जरूरतमंद लोगों ने दस से 15 किलोमीटर तक पैदल सफर किया है। जलोड़ी दर्रा के बंद होने से जहां निगम के करीब एक दर्जन रूट प्रभावित हुए तो वहीं रोहाचला, छैचगलु ,छतरी, कोठी, मलाणा, करसोग व शिमला की ओर जाने वाली बसें गंतव्य तक नहीं जा रही हैं। एनएच 305 के सहायक अभियंता अरविंद भारद्वाज का कहना है कि सोझा से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। मौसम ने साथ दिया तो दो-तीन दिन में दर्रा को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।