कुल्लू। नाबार्ड द्वारा बनाई जा रही सपागनी-कंढ़ा सड़क का निर्माण कार्य दो सालों से ठप पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि 12 किलोमीटर लंबी सड़क में से 9.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो चुका है। जबकि ढाई किलोमीटर का निर्माण दो सालों से बंद पड़ा है। सड़क के बंद होने से तलाड़ा पंचायत के लोगों में लोनिवि के प्रति भारी रोष है। तलाड़ा पंचायत की प्रधान सुनीता, पंच तारा चंद, महिला मंडल प्रधान ओमी देवी, ग्रामीण पन्ना लाल, मेहर चंद, बहादुर सिंह, घमीर सिंह, भगत राम, तेजा सिंह, लाल सिंह, प्रेम सिंह, महेंद्र धामी, पूर्ण प्रधान महेंद्र सिंह का कहना है कि विभाग की डीपीआर में हुए सड़क के सर्वे के तहत निर्माण नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी रोष है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर एक हफ्ते के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण अनशन पर बैठेंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि मामले को लेकर मुख्यमंत्री को भी एक प्रस्ताव भेजा गया है। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता हिमांशु बिष्ट ने कहा कि सड़क का निरीक्षण किया जाएगा और सर्वे के अनुसार ही निर्माण किया जाएगा।