केलांग/मनाली। सड़क की मरम्मत के कारण मंगलवार को रोहतांग होकर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बीआरओ के सुझाव पर मनाली प्रशासन ने इस संबंध में सर्कुलर जारी कर दिया है। वन वे ट्रैफिक लागू होने के कारण आने वाले मंगलवार यानी 10 अप्रैल को हालांकि मनाली से लाहौल की तरफ जाने वाले वाहनों की बारी है, लेकिन यह वाहन 10 की बजाए अब 11 अप्रैल को मनाली से लाहौल जा सकेंगे। रोहतांग सड़क की हालत सुधारने के लिए यह व्यवस्था की गई है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि फिलहाल यह व्यवस्था अप्रैल माह के अंत तक लागू रहेगी। वन वे ट्रैफिक व्यवस्था के तहत मंगलवार को मिस करने वाले रूट के वाहन इसके अगले दिन अपने गंतव्य की तरफ जा सकेंगे। रमन ने बताया कि इस व्यवस्था से रोहतांग सड़क को दुरुस्त करने में तेजी आएगी। एसडीएम ने सभी वाहन चालकों के साथ आम यात्रियों से भी सहयोग की अपील की है।