कुल्लू। थाना कुल्लू के तहत पिछले एक साल में कुल 72 सड़क हादसे हुए हैं। इनमें से 55 हादसे नेशनल हाईवे में हुए हैं। वाहनों की रफ्तार हादसों का कारण बनती जा रही है। रफ्तार के चलते कई वाहन चालक अपनी जान भी गवां रहे हैं। हालांकि पुलिस आईटीएमएस कैमरे के माध्यम से नजर रख रही है। नेशनल हाईवे तीन में आने वाले बंदरोल, वैष्णो मंदिर, कलैहली, शाढ़ाबाई सहित अन्य जगहों पर कई हादसे हो चुके हैं।
पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक करती है। स्कूलों और अन्य कार्यक्रमों में पुलिस के अधिकारी लोगों से तेज गति से वाहन न चलाने के लिए कहती है।
इसके बावजूद लोग अपनी जान को लेकर चिंतित नजर नहीं आ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। फोरलेन के कारण सड़क चकाचक है। कुल्लू और भुंतर के बीच 15 से 20 मिनट में लोग पहुंच जाते हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस लोगों से तेज गति से वाहन न चलाने के लिए कहती है। ऐसा करने वालों का पुलिस चालान भी करती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद