अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। दिल्ली से टैक्सी में सवार होकर आए दो युवकों को 48 ग्राम हेरोइन के साथ जरी पुलिस ने नाका लगाकर सूमारोपा में धर दबोचा है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों युवकों को रविवार को कुल्लू की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस दोनों तस्करों से पूछताछ करने में जुट गई है। जरी पुलिस चौकी प्रभारी इंद्र देव शर्मा ने कहा कि हेड कांस्टेबल मनोज कुमार की अगुवाई में पुलिस का एक दल रूटीन चेकिंग के दौरान सूमारोपा में नाके पर था और शक के आधार पर आने-जाने वाहनों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान दिल्ली से आई पंजाब नंबर की टैक्सी को शक होने रोका गया तो टैक्सी में सवार दो युवक पुलिस को देख कर घबरा गए। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनसे हेरोइन तस्करी को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस दोनों युवक हेरोइन को मणिकर्ण और कसोल में बेचने के इरादे से आए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दिल्ली निवासी ऋतिक मल्होत्रा और प्रथम गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उनको कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। रविवार को उन्हें कुल्लू की अदालत में पेश किया जाएगा।