मनाली (कुल्लू)। क्रिसमस ईव को यादगार बनाने के लिए पर्यटन नगरी मनाली के सरकारी और निजी होटलों में तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस साल भी हर साल की तरह पर्यटन विकास निगम मनाली के क्लब हाउस में क्रिसमस क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। इसके अलावा पर्यटकों के मनोरंजन के लिए ढोल नगाड़ों की थाप पर कुल्लवी नाटी का भी आयोजन होगा। पर्यटन विभाग पर्यटकों को कुल्लवी परंपरा के अनुसार टोपी पहना कर स्वागत करेगा। विभाग क्रिसमस स्पर्धा के अलावा लैमन डांस, वैलून डांस, पेपर डांस, कुल्लवी नाटी तथा बच्चों के लिए भी कई प्रतियोगिताएं होगी। वहीं कार्यक्रम में बेेस्ट डांस कपल भी चुना जाएगा। पर्यटन विकास निगम के डीजीएम मनाली अरविंद सेन ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हिमाचल पर्यटन निगम द्वारा क्रिसमस का आयोजन क्लब हाउस मनाली में करेगा। निगम के पास देशभर के कपल सैलानियों ने ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि मनाली के निजी होटलों द्वारा भी सैलानियों के मनोरंजन के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ डीजे का भी प्रबंध किया जा रहा है। इसके लिए होटलों को भी सजाने का काम आरंभ कर दिया है। क्रिसमस के लिए पर्यटकों की बुकिंग अभी से ही आनी शुरू हो गई है। मनाली के पर्यटन स्थलों में हुई ताजा बर्फबारी से इस साल क्रिसमस में सैलानियों की अच्छी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।