केलांग (लाहौल-स्पीति)। कर्मचारियों के विभिन्न मसलों को लेकर केलांग में उपायुक्त की अध्यक्षता में आठवीं जेसीसी की बैठक बुलाई गई। लाहौल स्पीति कर्मचारी महासंघ की यह अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल के भीतर आठवीं संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाई गई है। महासंघ के अध्यक्ष मेेघचंद प्रभजी ने बैठक में उपायुक्त देवा सिंह नेगी का स्वागत करते हुए कर्मचारियों के समक्ष पेश आ रही दिक्कतों को उठाया। उन्होंने घाटी में तैनात कर्मचारियों के लिए पेश आ रही आवास सुविधा के अलावा शीतकालीन भत्तों में बढ़ोतरी करने की मांग सहित अन्य समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि लोअर केलांग में अस्पताल के समीप बीते साल विधायक ने सरकारी आवास भवन की आधारशिला रखी थी। करीब एक साल बीत जाने के बावजूद इस आवास भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि इस आवास भवन के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने के लिए लोनिवि को आदेश जारी किए जाएं। उन्होंने जेसीसी की बैठक में उदयपुर और केलांग में जर्जर हालात में पड़े सरकारी आवास भवनों के कमरों के मरम्मत करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उपायुक्त देवा सिंह नेगी ने कर्मचारी महासंघ को भरोसा दिया है कि उनकी मांगों को पूरा करने के लिए प्रशासन प्रयास करेगा। महासचिव राजेश गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेमनाथ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रामपाल, महासंघ के मुख्य सलाहकार शिवलाल, उपाध्यक्ष खंड उदयपुर आशीष कुमार, सह सचिव बलदेव, सलाहकार राजेश, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश, कार्यकारिणी सदस्य, शेर सिंह, अध्यक्ष केलांग खंड राजेश कुमार, महिला विंग की अध्यक्ष देव्यानी समेत महासंघ के सदस्यों समेत सभी सरकारी विभागों मुखिया भी मौजूद रहे।