अब छह मार्च तक बंद रहेगा भूतनाथ पुल
बस स्टैंड से गैमन पुल तक प्रवेश नहीं होंगे भारी वाहन
पुल की जांच के साथ चल रही है मरम्मत की प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। ब्यास नदी में करीब दस करोड़ की लागत से बनाया गया भूतनाथ पुल पर अब छह मार्च तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पुल के बीचोंबीच दरारें आने से खतरा बना हुआ है। इस पुल का उद्घाटन पांच साल पहले किया गया है, लेकिन इतने कम समय में पुल में आई दरारों ने सबको हैरान कर दिया है। जिला प्रशासन ने इस पुल को छह जनवरी से यातायात के लिए बंद कर रखा था, लेकिन मरम्मत कार्य के चलते अब फिर से इस पुल को छह मार्च तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। पुल की जांच के साथ पुल की मरम्मत को लेकर प्रक्रिया चल रही है। एडीएम कुल्लू अक्षय सूद इसकी मजिस्ट्रेट जांच कर रहे हैं और इसे लेकर उन्होंने पूरा रिकार्ड तलब किया है। वहीं पुल की मरम्मत के लिए एक इंटरनेशनल कंपनी के अधिकारी इसका निरीक्षण कर चुके हैं। इसका लोनिवि ने एस्टीमेट भी मांगा है। उपायुक्त कुल्लू ने आदेश जारी करते हुए कुल्लू शहर के क्षतिग्रस्त भूतनाथ पुल से वाहनों की आवाजाही को 6 मार्च तक प्रतिबंधित किया है। ये आदेश जान और माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। इस दौरान कुल्लू शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बस स्टैंड से गैमन पुल तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। भुंतर-रामशिला मार्ग पर भारी वाहनों और ट्रकों की लोडिंग-अनलोडिंग सायं आठ बजे से प्रात: छह बजे के बीच ही की जा सकेगी। इसके अलावा मनाली और मंडी की ओर से आने-जाने वाली बसों को लेफ्ट बैंक में रामशिला के पुराने बैली पुल के पास ही सवारियों को चढ़ाने या उतारने की अनुमति होगी।