कुल्लू। करीब एक माह से ढालपुर मैदान में डटे कारोबारियों को उठाने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार को दूसरे दिन भी नगर परिषद कुल्लू के कर्मचारियों ने दशहरा में आए व्यापारियों को उठाया तथा कई का सामान जब्त भी किया। उपायुक्त के निर्देशों के बाद नगर परिषद ने रविवार को व्यापारियों को अपना सामान समेटने के लिए कहा था। बावजूद इसके कई व्यापारी मैदान में अभी भी डटे हुए हैं। हालांकि बिजली बोर्ड ने भी बिजली को मीटर भी उखाड़ दिए हैं। मैदान से बिजली कनेक्शन काटे जाने के बावजूद कुछ व्यापारी अपना सामान बेच रहे हैं। जबकि कुछ व्यापारियों ने सामान समेटना शुरू कर दिया है। रविवार को नगर परिषद के कर्मचारियों ने मीना बाजार में 85 फीसदी दुकानों को खाली करवाया था। वहीं मैदान के दूसरी जगह में व्यापारियों की दुकानों को हटाया गया था। व्यापारियों को मैदान से उठाए जाने के बीच ढालपुर में खरीददारी के लिए लोग काफी अधिक संख्या में नजर आए। इधर, नगर परिषद के ईओ तेज सिंह ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद ने मेला मैदान से व्यापारियों को हटाने की मुहिम शुरू कर दी है। व्यापारियों को कहा गया है कि अपना सामान पैक कर दुकानें खाली कर दें अन्यथा सामान को जब्त किया जाएगा। झूला मार्केट में व्यापारी शीला कौंडल ने आरोप लगाते हुए कहा कि सोमवार को उनके मिकी मॉउस और सामान को पुलिस जब्त कर ले गई। जबकि अन्य व्यापारियों के किसी भी झूले को नहीं हटाया गया। कार्रवाई सब पर होनी चाहिए थी। बल्कि एक को निशाना बनाकर ऐसा किया गया। वह काफी सालों से दशहरे में कारोबार के लिए आ रहे हैं लेकिन पहली बार उनके साथ अन्याय हुआ है।