कुल्लू/बंजार। चार दिन से बिजली सप्लाई ठप होने से बंजार के सैकड़ों परिवार अंधेरे में गुजर बसर करने के लिए मजबूर हो गए हैं। सर्दी आने से पहले ही गांव में अंधेरा छा जाने से ग्रामीणों में बिजली बोर्ड के प्रति भारी रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चार दिनों से बंजार क्षेत्र की चनौन पंचायत के गोशाला, शरण, मधियाणा और कडाहिल गांव में बिजली की सप्लाई बंद है। इस संबंध में ग्रामीण केहर सिंह, टेडी सिंह, कलमी राम, कमली राम, गिरधारी लाल, हेम सिंह तथा टेक सिंह राणा आदि ने बताया कि उनके गांवों में पिछले चार दिनों से बिजली गुल है। बिजली बोर्ड को कई बार समस्या के बारे में अवगत करवाया लेकिन किसी ने भी सुध नहीं ली। बोर्ड के अधिकारी ट्रांसफार्मर के जलने की बात कह रहे हैं। उन्होंने बोर्ड से जल्द समस्या को दूर करने की मांग की है। उधर, बिजली बोर्ड बंजार के कनिष्ठ अभियंता चमन लाल ने कहा कि वह आज मौके पर जाएंगे। जो भी समस्या होगी उसे जल्द दूर किया जाएगा।