कुल्लू। प्रदेश सरकार ने जिला कुल्लू को राज्य आपदा न्यूनीकरण (मिटिगेशन) फंड के तहत साल 2023-24 के लिए 24.8 करोड़ पहली किस्त जारी कर दी है। कुल्लू के लिए 82.76 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है।
उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिले के उपमंडल बंजार में तीर्थन खड्ड पर बाढ़ संरक्षण कार्यों के लिए 54.97 लाख रुपये, कुल्लू के शाढ़ाबाई से बजौरा तक ब्यास के दोनों किनारों (विभिन्न स्थानों) पर बाढ़ संरक्षण कार्य के लिए 2.32 करोड़, राफ्टिंग सेंटर पिरडी में बाढ़ संरक्षण के लिए 1.5 करोड़ रुपये, गोसदन से एसटीपी लंकाबेकर तक ब्यास के तटीकरण के लिए 1.17 करोड़, निचले शास्त्रीनगर से एसटीपी बदाह तक तटीकरण के लिए 1.74 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
सिंचाई योजना सिउंड-हाथीथान पंप हाउस से सरस्वती मंदिर भुंतर कॉलोनी (पार्वती नदी के बाएं किनारे) पर असुरक्षित स्थानों के संरक्षण कार्य के लिए 2.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत बराण में ब्यास के किनारे 17 मील में बाढ़ संरक्षण कार्यों के लिए 2.51 लाख, ग्राम पंचायत हल्लाण के पतलीकूहल में बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए 2.52 करोड़, ग्राम पंचायत रायसन के रायसन में 2.53 करोड़, लंकाबेकर गोसदन के निकट तिब्बती स्कूल और साथ लगते असुरक्षित स्थानों के संरक्षण कार्य के लिए 2.47 करोड़, भुंतर पुल एवं पार्वती और ब्यास के संगम स्थल पर बाढ़ संरक्षण कार्यों के लिए 2.35 करोड़ तथा छुरुड़ू में आरडी सुरक्षा कार्यों के लिए 2.48 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। कहा कि पहली किस्त मिल जाने से जिले में बाढ़ नियंत्रण और संरक्षण कार्यों को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। संवाद