मंत्री ने किया बाढ़ में बहे गोसदन का निरीक्षण
भुंतर (कुल्लू)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, बागवानी और सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बजौरा खड्ड में बाढ़ से तबाह हुए भिंडीवाई गो सदन का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को बताया कि प्रशासन ने बजौरा खड्ड के बीच में 25 लाख रुपये से गो सदन का निर्माण किया था। बाढ़ से करीब चार दर्जन मवेशी पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद गो सदन का निर्माण किया और यहां पर बाढ़ को रोकने के लिए किसी तरह की कोई सुरक्षा दीवार तक नहीं लगाई। गो सदन के पशु बाढ़ में बहने के बाद लोग आहत हुए हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों से वीडियो सीडी मांगी है। आने वाले विधानसभा सत्र में इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। गो सदन खड्ड में क्यों बनाया, इसके लिए अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी।