डाक सेवकों की हड़ताल जारी, कामकाज ठप
कुल्लू। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के बैनर तले कुल्लू जिले के ग्रामीण डाक सेवक आठवें दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। डाक सेवकों ने मुख्य डाकघर कुल्लू के बाहर मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। संघ के जिला सचिव अच्छर सिंह ठाकुर ने कहा कि क्षेत्रों में डाक घर-घर पहुंचाने वाले ग्रामीण डाक सेवक आठ दिन से हड़ताल पर हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाएं बाधित हो गई हैं लेकिन सरकार ने उनके साथ बात करने तक की जहमत नहीं उठाई है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विदेश जाने का समय है लेकिन कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। डाक विभाग ने मांगों को लेकर सातवें वेतन आयोग में कमलेश चंद्रा कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी ने 11 महीने के अंदर डाक विभाग को रिपोर्ट तैयार करके सौंप दी। 18 महीने बीत जाने के बावजूद इस कमेटी की रिपोर्ट को लागू नहीं किया गया। कहा कि जब तक केंद्र सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती है, हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान चेतन सिंह, बालक राम, ऐलमा देवी, सावित्री देवी, जय देवी, रमेश कुमार, सोहन लाल, दीवान जंबाल, कांशी राम, चुन्नू राम, शेर सिंह आदि मौजूद रहे।
बलदेव