कुल्लवी नाटी पर बटोरी तालियां
सूजन समारोह में वन मंत्री ने किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। स्थानीय कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय सृजन उत्सव के अंतिम दिन शनिवार को कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक कुल्लवी नाटी और फिल्मी गीतों पर हुए समूह डांस ने खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा विद्यार्थियों ने एकल डांस भी पेश किया। इस दौरान रंगोली, फोटोग्राफी और चित्रकला का भी आयोजन किया गया। समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पधारे वन, परिवहन एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने और जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करके उसके लिए कड़ी मेहनत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ युवा जीवन में किसी भी चुनौती से आसानी से मुकाबला कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में व्यापक सुधार करेगी तथा इसके लिए एक मजबूत ढांचा खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को भी नहीं भूलना चाहिए, क्योंकि इनसे ही विश्व में हमारी अलग पहचान है। उन्होंने कॉलेज के बास्केटबाल मैदान के लिए 15 लाख और कबड्डी मैदान के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. नंदलाल शर्मा ने वन मंत्री का स्वागत किया तथा कॉलेज की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इससे पहले वन मंत्री ने महाविद्यालय की कंप्यूटर प्रयोगशाला का उद्घाटन भी किया। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, युवराज बौध, जिला परिषद सदस्य धनेश्वरी ठाकुर और अन्य गण्यमान्य लोग भी उपस्थित रहे।