कुल्लू। जीएसटी लागू करने से पहले आबकारी एवं कराधान विभाग कुल्लू ने जून महीने में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 24 लाख रुपये टैक्स चोरी का जुर्माना वसूला है। यह जुर्माना जिलेभर में दर्जनों व्यापारियों से औचक निरीक्षण अभियान के तहत वसूला गया। विभागीय टीमों की सख्त कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीमों ने धार्मिक नगरी मणिकर्ण, कसोल, भुंतर, कुल्लू, मनाली, बजौरा आदि में शहरों छापेमारी कर टैक्स चोरी को लेकर जायजा लिया। इस दौरान बिना बिल, लग्जरी टैक्स चोरी के कई मामले सामने आए। कई मामलों में बिल में कर चोरी के लिए कई तरह से गड़बड़ी की गई थी। इस पर आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई और जुर्माना ठोका। कई होटल कारोबारी लग्जरी टैक्स की चोरी करते हुए पकड़े गए। नियमानुसार टैक्स भरे न जाने पर कार्रवाई की गई और जुर्माना वसूला गया। विभाग की गठित टीमों ने बजौरा से मनाली को जोड़ने वाले एनएच-21, भुंतर-रामशीला-मनाली वामतट तथा भुंतर-मणिकर्ण रोड पर चेकिंग कर शिकंजा कसा गया। चेकिंग में लंबे रूट की बाहरी बसों को भी दबोचा गया है। इनमें घाटी के कारोबारी बाहरी राज्यों से बिना बिल के सामान मंगवाते हैं। इधर, आबकारी एवं कराधान विभाग कुल्लू तथा लाहौल एवं स्पीति जिला के आयुक्त डॉ. रमेश शर्मा ने कहा कि जून महीने में विभाग ने 24 लाख रुपये जुर्माना अर्जित किया है। इसमें टैक्स चोरी तथा बाहरी राज्यों से बिना बिल के सामान लाने के मामले अधिक हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद भी विभाग की यह कार्रवाई जारी रहेगी और टैक्स चोरी करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।