कुल्लू। लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में शनिवार को राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में अपर वैली छात्र संघ ने वार्षिक समारोह मनाया। इस दौरान लोक कलाकार डाबे राम कुल्लवी और ईश्वर ठाकुर ने अपनी मधुर आवाज में गीत गाकर श्रोताओं को खूब नचाया। समारोह में तेजा भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद कुल्लवी नाटी पेश कर छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। कलाकारों ने गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोक कलाकार ईश्वर ठाकुर ने आजा रे आजा, भीमा सराजनिए तेरी मीठी मीठी गलां... गीत गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। लोक कलाकार डाबे राम कुल्लवी ने पौटू आलिऐ वाणाजिए, हांकी मामा हांकी आ, ओ लाहुलिए उबे, पारे पौडू बोला नग्गर, लौमी लौमी कायलिए, गुड़ गुड़ लागी कौमदी गीतों पर दर्शकों को खूब नचाया। कलाकेंद्र में बारिश के बावजूद दर्शक काफी संख्या में डटे रहे। अपर वैली छात्र संघ के उपाध्यक्ष विशाल पठानिया ने कहा कि युवाओं में वार्षिक समारोह को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस दौरान युवा मोर्चा के देवेंद्र ठाकुर, युवा मोर्चा जिला सचिव दिनेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।