पांच दिन में बिजली बिल नहीं भरा तो कटेगा कनेक्शन
विद्युत उपमंडल कटराईं के सात लाख उपभोक्ताओं के पास फंसे
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली/पतलीकूहल। विद्युत उपमंडल कटराईं की करीब सात लाख बकाया राशि उपभोक्ताओं के पास फंसी हुई है। बिजली बोर्ड ने लेटलतीफी करने वाले उपभोक्ताओं को कड़ा सबक सिखाने का मन बनाया है। बोर्ड का कहना है कि यदि पांच दिन में बिल नहीं भरे गए तो बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। विभाग के कटराईं में तैनात एसडीओ सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि करीब एक हजार से ऊपर का बिल होने वाले करीब छह सौ उपभोक्ताओं ने सितंबर और अक्तूबर माह का बिल अदा नहीं किया है। इससे करीब सात लाख उपभोक्ताओं के पास पैसा फंसा हुआ है। उन्होंने कहा कि दिवाली के चलते उपभोक्ताओं को मौखिक छूट दी गई थी, लेकिन अब बिल हर हाल में जमा कराना होगा अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने पांच दिन के भीतर बिजली बिल की अदायगी पतलीकूहल कार्यालय, लोकमित्र केंद्र अथवा ऑनलाइन जमा करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि इसके बाद बोर्ड बिजली कनेक्शन काट देगा।