कुल्लू। देवभूमि कुल्लू के बाह्य सराज आनी के अधिष्ठाता देव रावल ऋषि 10500 फीट ऊंचे धार्मिक स्थल सरयोलसर में शाही स्नान करेंगे। देवता सोमवार को अपने देवालय उपली फनौटी से रवाना होंगे। इसके लिए हरियानों ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। ढोल नगाड़ों की थाप पर देवता की रथयात्रा करीब 10 किलोमीटर का पैदल सफर तय करेगी। देवता संग हरियान भी माता बूढ़ी नागिन की वास स्थली सरयोलसर झील में डुबकी लगाएंगे। जून माह के पहले हफ्ते नए रथ पर विराजमान देवता रावल ऋषि देव-विधि अनुसार पवित्र स्थल सरयोलसर झील में स्नान करेंगे। स्नान के दौरान देवता कई शक्तियां भी अर्जित करेंगे। हरियान लाल सिंह ठाकुर, कारदार धर्म चंद, गोविंद सिंह, रमेश ठाकुर, उगम राम ठाकुर बिट्टू नेगी, सोहन लाल नेगी, दीवान सिंह, देवेंद्र सिंह, करतार सिंह, खेमराज, ध्यान सिंह और बालकृष्ण ठाकुर ने कहा कि देवता 25 जून सोमवार सुबह अपने देवालय से सरयोलसर के लिए रवाना होंगे। रात्रि ठहराव माता बूढ़ी नागिन की वास स्थली में होगा और मंगलवार सुबह देवता माता की झील में शाही स्नान करेंगे। देवता की यात्रा को लेकर रघुपुर घाटी के लोगों में उत्साह का माहौल है।