कुल्लू। भुंतर के साथ लगते शनि देव वन जरड़ में गजानन उत्सव मंडल की ओर से आयोजित दस दिवसीय गणेश उत्सव संपन्न हो गया है। गणेश मूर्ति के विसर्जन के साथ संपन्न हुए इस उत्सव में देवता कपिल मुनि विशेष रूप में ढोल नगाड़ों की थाप पर पधारे और लोगों को सुख शांति का आशीर्वाद दिया। इस अवसर ब्राह्मण सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। श्री गजानन उत्सव कमेटी ने उनका यहां पधारने पर स्वागत किया। गणेश उत्सव पर भजन कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें गायक लाल सिंह ने ..गणपति गणेश नू मनाइये, गौरां तेरा लाल देवों में सबसे प्यारा है, जय गणेश, जय गणेश देवा आदि भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद ढोल नगाड़ों की थाप पर सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में गणेश की मूर्ति को ब्यास नदी में देव विधि के अनुसार विसर्जित किया। इस दौरान मुख्यातिथि रमेश शर्मा ने कहा कि किसी भी शुभ कार्य को शुरू करने से पहले गणेश की पूजा की जाती है। जो भी भक्त सच्चे मन और कर्म से गणेश भगवान की पूजा करता है, उनके सभी कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न होते हैं। उन्होंने गणेश उत्सव में शामिल हुए लोगों को बधाई दी।