कुल्लू। कार सेवा दल संस्था ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू को 180 लीटर का फ्रिज दिया है। यह फ्रिज मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों की सुविधा के लिए भेंट किया गया है। मेडिकल वार्ड में पुराना फ्रिज लंबे समय से खराब चल रहा था, जिससे तापमान-संवेदनशील महंगी दवाओं और टीकों को सुरक्षित (ठंडा) रखने में परेशानी हो रही थी। संस्था को जैसे ही इस समस्या की जानकारी मिली तो नया फ्रिज उपलब्ध करवाया। संस्था के अध्यक्ष मनदीप सिंह ने कहा कि आवश्यकता को देखते हुए अस्पताल के इस वार्ड को संस्था ने फ्रिज भेंट किया है, ताकि मरीजों के उपचार में किसी तरह की परेशानी न आए। इस दौरान अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राधा शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कोहली, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. नितेश कुमार और कार सेवा दल के कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। संवाद