अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के साथ बुधवार को मनाली के आसपास ब्यास नदी के तटीय क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के मुख्य अभियंता नवीन पुरी, अधीक्षण अभियंता देवेश भारद्वाज, अधिशाषी अभियंता केआर कुल्लवी और अन्य अधिकारियों के साथ जायजा लिया। महेंद्र सिंह ने बताया कि ब्यास नदी के तटीकरण व बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए प्रारंभिक तौर पर 592 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। यह राशि कुल्लू-मनाली क्षेत्र में ब्यास नदी के किनारे बाढ़ नियंत्रण कार्यों पर खर्च की जाएगी। महेंद्र सिंह ने निर्माणाधीन रोहतांग सुरंग का भी जायजा लिया और बीआरओ व सुरंग निर्माण का कार्य कर रही कंपनी के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सामरिक महत्व वाली रोहतांग सुरंग के निर्माण से लाहौल-स्पीति में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।