जमीन धंसने से पार्वती नदी में गिरी जीप
मणिकर्ण के सरसाड़ी में कुछ देर के लिए रोकी थी गाड़ी, चालक बचा
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के सरसाड़ी में एकाएक जमीन धंसने से एक जीप अनियंत्रित होकर पार्वती नदी में जा गिरी। हादसे में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार को यह जीप जरी से भुंतर की तरफ जा रहा थी। इस दौरान चालक ने गाड़ी को सरसाड़ी स्थित कालाढांक के पास कुछ देर के लिए खड़ा कर दिया। इसके चलते सड़क धंस गई और गाड़ी पार्वती नदी में जा समाई। मौके पर पहुंची जरी पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गाड़ी को चालक संजय कुमार (45) निवासी डढेई चला रहा था और उसके साथ संजय (21) निवासी शारनीबेहड़ मौजूद था। पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्जकर दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।