लाहौल-स्पीति कांग्रेस हार पर करेगी मंथन
कुल्लू। जिला लाहौल-स्पीति कांग्रेस कमेटी की बैठक 15 जून को जिला पार्टी अध्यक्ष ज्ञालसन ठाकुर की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में होगी। जिला प्रवक्ता अनिल सहगल ने कहा कि बैठक में सांसद राम स्वरूप शर्मा के पांच साल तक जिले में नदारद रहने, कोई भी विकास कार्य नहीं करने और स्थानीय मंत्री के खिलाफ जनता में भारी रोष होने के बावजूद बीजेपी को बढ़त मिलने के कारणों पर समीक्षा की जाएगी। पार्टी अध्यक्ष ने लाहौल-स्पीति के तीनों ब्लॉक अध्यक्षों को आदेश दिया कि अपने-अपने ब्लॉकों के सभी कार्यकर्ताओं को बैठक में उपस्थित होने का आग्रह करें। सहगल ने कहा कि बैठक में जिला कांग्रेस में पार्टी के भीतर संगठन को कैसे मजबूत किया जा सके, इस पर सभी कार्यकर्ताओं का सुझाव लेकर उसे पीसीसी को प्रस्ताव भेजा जाएगा। अध्यक्ष ज्ञालसन ठाकुर ने पार्टी के सभी नेताओं, डीसीसी, ब्लॉक, महिला कांग्रेस और फ्रंटल संगठन के सभी पदाधिकारियों से भाग लेने की अपील की है।