गुशैणी तिंदर सड़क क्षतिगस्त
लोग चार दिन से पैदल सफर करने को मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
गुशैणी (कुल्लू)। तीर्थन घाटी की गुशैणी तिंदर सड़क प्राइमरी स्कूल के पास क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन चार दिन के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने सड़क की सुध नहीं ली है। इससे आम जनता को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश और बर्फबारी के चलते ग्राम पंचायत नोहांडा के गांव रोपा, तिंदर, बरिंगचा, झनियार आदि के लोगों को पैदल ही अपने घरों का रास्ता तय करना पड़ रहा है। पूर्व उपप्रधान प्रेम सिंह, हरी सिंह, जय सिंह, गुलाब सिंह, वार्ड पंच डिंगचा भीमा देवी, चंदे राम, फूलां देवी, पुनी, कमल और सावित्री ने कहा कि चार दिन से सड़क को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग दिलचस्पी नहीं ले रहा है। सड़क को ठीक करने के लिए लोनिवि ने अभी तक जेसीबी नहीं लगाई है। उन्होंने विभाग से अनुरोध किया है कि सड़क पर पड़े मलबे को शीघ्र उठाया जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रोशन ठाकुर ने कहा कि जो मशीन कटिंग के लिए लगाई गई है। बारिश की बजह से कटिंग करने में कठिनाई हो रही है। जैसे ही मौसम ठीक होता है। सड़क को दुरुस्त कर आम जनता को राहत प्रदान की जाएगी।