पर्यटकों से सोलंगनाला और कोठी स्नोप्वाइंट गुलजार
क्रिसमस और नववर्ष के लिए उमड़ने लगे सैलानी
लोगों ने बर्फ के चलते किया पर्यटन नगरी का रुख
मनु शर्मा
मनाली (कुुल्लू)। दो दिन बाद शुरू होने वाले क्रिसमस ईव और नववर्ष के लिए मनाली में सैलानियों का उमड़ना शुरू हो गया है। मनाली सहित यहां के स्नो प्वाइंटों में दो महीने बाद रौनक लौट आई है। दो-तीन दिनों से मनाली के होटलों की बुकिंग में तेजी आई है और होटलों की आक्यूपेंसी भी 50 के आसपास चल रही है। सोलंगनाला और कोठी स्नो प्वाइंट भी पर्यटकों की भीड़ से गुलजार होने लगे हैं। यहां पर्यटक बर्फ के बीच खूब मस्ती कर रहे हैं। सोलंगनाला में स्नो स्कूटर की सवारी के साथ पर्यटक अन्य साहसिक खेलों का आनंद उठा रहे हैं। मनाली में पर्यटन निगम के होटल कुंजुम के मैनेजर तुलसी राम ने बताया कि बर्फ गिरने से देशभर से सैलानियों ने मनाली का रुख कर दिया है। उन्होंने कहा कि क्रिसमस के लिए अभी से पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है। जबकि, ऑनलाइन बुकिंग का भी दौर जारी है। होटल एप्पल कंट्री के मैनेजर विवेक कपूर ने बताया कि गत दिनों हुई बर्फबारी से मनाली के पर्यटन को बढ़ावा मिला है। मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि मनाली सैलानियों की पहली पसंद बन गई है। उन्होंने कहा कि क्रिसमस और नववर्ष में मनाली के पर्यटन में और भी इजाफा होने की उम्मीद है। हिमांचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान राजकुमार डोगरा ने बताया कि मनाली के माल रोड के साथ सोलंगनाला, कोठी और पलचान में पर्यटकों की चहलकदमी एकाएक बढ़ गई है।