बजौरा स्कूल में जिला स्तरीय विज्ञान मेले का आगाज
विभिन्न प्रतियोगिताओं में हुनर दिखाएंगे विजेता प्रतिभागी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजौरा में वीरवार जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। सम्मेलन के शुभारंभ पर मौहल स्थित जीबी पंत संस्थान के डॉ. एसएस सावंत ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सम्मलेन में जिला के मनाली, कुल्लू, बंजार और आनी खंड के लगभग 250 विजेता प्रतिभागियों ने भाग लिया। स्कूल प्रधानाचार्य मृदुला शर्मा ने विज्ञान सम्मेलन में आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, राज्य विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन का आयोजन कर रही जिला विज्ञान पर्यवेक्षिका जूही चड्ढा ने बताया कि तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में विभिन्न खंडों से आए विद्यार्थी एक्टिविटी कॉर्नर, मैथेमेटिक्स ओलंपियाड, मॉडल और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। सम्मेलन में विजेता रहने वाले प्रतिभागी राज्य स्तर पर भाग लेंगे। इस अवसर पर जिला विज्ञान अध्यापक संघ के प्रधान सिकंदर ठाकुर, राहुल शासनी, पंकज, संदीप, तारा महंत, गीता, तेंजिन और कुशाल ठाकुर मौजूद रहे।