विश्व पर्यटन दिवस पर भुंतर हवाई अड्डे पर सैलानियों का स्वागत
पारंपरिक तरीके से कुल्लवी टोपी, पुष्प और तिलक लगाकर किया अभिनंदन
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य पर वीरवार को पर्यटन विभाग ने भुंतर हवाई अड्डे पर देश-विदेश के सैलानियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी बीसी नेगी के नेतृत्व में विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और लोक कलाकारों ने सैलानियों का कुल्लवी टोपी, पुष्प और तिलक के साथ स्वागत किया। इस मौके पर जिला के लोक कलाकारों ने भी पारंपरिक कुल्लवी वेशभूषा और ढोल-नगाड़ों के साथ नाटी डालकर सैलानियों की अगवानी की। जिला पर्यटन विकास अधिकारी बीसी नेगी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य पर यह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने कहा कि जिला में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए विभाग की ओर से व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। इस स्वागत कार्यक्रम में विभाग के पूर्व अधिकारी देवदास शर्मा, पर्यटन विभाग के अन्य अधिकारी प्रताप नेगी, ठाकुर सिंह, प्रताप कंवर, हवाई अड्डे के अधिकारी, होटल एसोसिएशन कुल्लू के अध्यक्ष दीपक सोनी, लोक कलाकार शिव चंद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।