313 ग्राम चरस के साथ धरा पर्यटक
मनाली-दिल्ली वोल्वो बस में कर रहा था सफर
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। बजौरा में पुलिस ने एक पर्यटक को 313 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात को भुंतर पुलिस का एक दल बजौरा में नाके पर था इस दौरान एचआर नंबर की एक वोल्वो बस को तलाशी के लिए रोका गया। पुलिस टीम के बस में एंट्री करने पर बस में बैठा एक शख्स पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया। शक होने पर पुलिस ने जब तलाशी ली तो उसके कब्जे से 313 ग्राम चरस की खेप बरामद हुई। पुलिस ने 21 वर्षीय गगनदीप पुत्र इंद्रपाल निवासी जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया। रविवार को उसे कुल्लू की अदालत में पेश किया गया जहां उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा पुलिस पर्यटक युवक से पूछताछ की जा रही है।