नरोगी गांव में जलकर राख हुआ मकान।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू की शिल्हीहार पंचायत के नरोगी गांव में ढाई मंजिल के दो मकान जलकर राख हो गए हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। इससे गांव के अन्य घरों को आग लगने का खतरा टल गया। रविवार दोपहर बाद करीब चार बजे के आसपास लगी आग के समय दोनों मकानों के परिवार टमाटर की निराई करने खेतों में गए हुए थे। पीछे उनके घरों में लगी आग से 26 कमरों से बने दोनों घर राख के ढेर में तब्दील हो गए। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान प्यारे चंद ने कहा कि आग से पूर गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के पहुंचने से पहले गांव के लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए भरसक प्रयास किए गए लेकिन लकड़ी के बने दोनों मकान धू-धूकर जल उठे। आग से जहां तीन परिवार के लोगों का घर छिन गया वहीं घरों में रखी हजारों की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात भी स्वाह हो गए हैं। चार-पांच साल पहले बनाए रगए नए घरों को राख के ढेर में तब्दील होता देख परिवार के लोगों को रो-रोकर बुरा हाल है। आग से इंद्र देव और कर्मचंद के संयुक्त रूप से बनाए गए ढाई मंजिल मकान में 18 कमरे थे। जबकि जुगत राम के ढाई मंजिला मकान में आठ कमरे थे। स्थानीय पंचायत उपप्रधान ने दोनों मकानों में लाखों रुपयों के नुकसान होने का अनुमान लगाया है। अग्निशमन विभाग से हंस राज ने कहा कि आग पर काबू पाया गया है, लेकिन उनके पहुंचने से पहले दोनों घरों को आग ने अपने घेरे में ले लिया था। उन्होंने कहा कि मकानों में आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। उधर, एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग को आदेश दिए गए हैं। आग से प्रभावित परिवारों का प्रशासन की तरफ से हर संदभ मदद की जाएगी।