ढोल नगाड़ों के साथ निकली लक्ष्मी नारायण की शोभायात्रा
सैंज के रैला में धूमधाम से मनाया मूल उत्सव
अमर उजाला ब्यूरो
सैंज (कुल्लू)। घाटी के रैला गांव में वीरवार को देवता लक्ष्मी नारायण के सम्मान में मूल उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें देवता के हारियानों सहित घाटी के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों के साथ देवता की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने निराहार व्रत रखकर देवता के दर्शन किए। देवता कमेटी के कारदार जगन्नाथ ने कहा कि चैत्र मास के मूल नक्षत्र को प्रतिवर्ष मूल उत्सव का आयोजन किया जाता है। जिसे लक्ष्मी नारायण की जन्म तिथि के रूप में भी मनाया जाता है। मूल उत्सव में चराणीग्रां से बागी नामक स्थान तक देवता को देवधुनों के साथ ले जाया गया। ब्राह्मण पुजारियों ने देवगीतों से देव परंपरा का निर्वहन किया। ग्रामीण जगतराम धामी, प्रमुख पालसरा यान सिंह नेगी, गंगा राम, रमेश धामी, बजंत्री शिवराम ने कहा कि इस दिन सभी श्रद्धालु व्रत रखकर के देवता के पास आते हैं। सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। मूल उत्सव में सभी देव परंपराओं का निर्वहन किया गया।