अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। हिमाचल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को आयोजित करने में मौसम ने अड़ंगा डाल दिया। पहले 15 फरवरी से दसवीं और जमा दो की प्रैक्टीकल परीक्षाएं होनी थीं, लेकिन जनजातीय क्षेत्रों समेत हिमाचल के कई हिस्सों में बर्फबारी होने के कारण इन परीक्षाओं को अब 19 फरवरी तक स्थगित कर दिया गया है। बोर्ड के इस निर्णय के बावजूद लाहौल स्पीति में समय पर परीक्षाओं को संचालित करने में अभी भी संशय बरकरार है। प्रैक्टीकल के प्रश्न पत्र पिछले चार दिन से भुंतर एयरपोर्ट पर फंसे हैं। अगर किसी तरह इन प्रश्न पत्रों को केलांग और उदयपुर पहुंचाया भी जाता है तो जिले के दूरदराज के परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्रों को पहुंचाना आसान नहीं है। लाहौल घाटी में तमाम संपर्क और मुख्य मार्ग अभी भी बंद हैं। ऐसे में खासकर सिस्सू, गोंदला, टिंगरेट, कोलोंग, तिंदी परीक्षा केंद्रों तक पैदल पहुंचने के लिए कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डालनी होगी। इलाके में अभी भी जगह जगह हिमखंड गिरने का क्रम जारी है। पहली से आठवीं तक कक्षा के प्रश्न पत्र शिमला और 9वीं से जमा दो तक के प्रश्न पत्र धर्मशाला से लाहौल पहुंचाए जाने हैं। लाहौल में बोर्ड परीक्षाओं के लिए केलांग, उदयपुर, तिंदी, टिंगरेट, त्रिलोकनाथ, जाहलमा, लोट, सिस्सु, गोंदला और कोलोंग में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। अभी तक जिला मुख्यालय केलांग से एक भी परीक्षा केंद्र सड़क से नहीं जुड़ पाया है। ऐसे में लाहौल में बोर्ड परीक्षाओं को समय पर आयोजित करने की चुनौती बनी हुई है। लाहौल में करीब दो सौ विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा देनी है। एसडीएम सुभाष गौतम ने बताया कि प्रश्न पत्रों को वीरवार को हेलीकॉप्टर से केलांग पहुंचाया जाना है लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर भुंतर एयरपोर्ट से अभी तक उड़ान नहीं भर पाया है।